भारतीय टेस्ट टीम के सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद भारत पहली बार टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगा। इस नई टीम की अगुवाई शुभमन गिल करेंगे और टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की शुरुआत करेगी।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का मानना है कि भले ही रोहित, कोहली और अश्विन टीम में नहीं हैं, लेकिन भारतीय टीम को कमजोर आंकना बड़ी भूल होगी। स्टोक्स ने कहा, ‘लोग कह रहे हैं कि भारत की टीम से रोहित, विराट और अश्विन जैसे दिग्गज बाहर हो गए हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मुकाबला आसान हो जाएगा। भारत के पास गहरी प्रतिभा है। जो खिलाड़ी अब आएंगे, वो भी उतने ही खतरनाक होंगे।’
स्टोक्स ने आईपीएल का हवाला देते हुए कहा, ‘हमने आईपीएल में देखा है कि भारत के पास टैलेंट की कोई कमी नहीं है। ये तीनों खिलाड़ी जरूर बड़े नाम हैं, लेकिन इनके ना होने से सीरीज आसान नहीं हो जाती।’
बुमराह पर रहेगा इंग्लैंड का फोकस
बेन स्टोक्स ने जसप्रीत बुमराह को भारत का सबसे बड़ा हथियार बताया। उन्होंने कहा, ‘बुमराह की काबिलियत सब जानते हैं। हमें उनके खिलाफ रणनीति बनानी होगी लेकिन हम सिर्फ एक खिलाड़ी पर फोकस नहीं करेंगे। भारत के पास ऐसे कई गेंदबाज हैं जो हमें परेशान कर सकते हैं।’
गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह इस सीरीज में भारत के सबसे अनुभवी गेंदबाज होंगे। रोहित और विराट की गैरमौजूदगी में बुमराह की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाएगी। बुमराह पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट कप्तानी भी कर चुके हैं, हालांकि इस बार यह जिम्मेदारी शुभमन गिल को मिली है।
भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज शेड्यूल
- पहला टेस्ट: 20 जून, हेडिंग्ले, लीड्स
- दूसरा टेस्ट: 2 जुलाई, बर्मिंघम
- तीसरा टेस्ट: 10 जुलाई, लॉर्ड्स
- चौथा टेस्ट: 23 जुलाई, मैनचेस्टर
- पांचवां टेस्ट: 31 जुलाई, ओवल, लंदन



