रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों में घायल होने वाले मरीजों के लिए सरकार ने एक बड़ी राहत की योजना शुरू की है। अब दुर्घटना में घायल व्यक्ति को आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों में 1.5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। यह योजना तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
क्यों पड़ी योजना की जरूरत?
हर साल छत्तीसगढ़ में 6 हजार से ज्यादा लोगों की जान दुर्घटनाओं में जाती है। सिर्फ 2023 में ही 6752 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई थी। इनमें से कई मौतें समय पर इलाज न मिलने के कारण हुईं। कई बार निजी अस्पतालों में खर्च का डर मरीजों को इलाज से दूर कर देता है।
क्या-क्या कवर होगा इलाज में?
योजना के तहत सड़क दुर्घटना, ट्रेन हादसे, गैस सिलेंडर ब्लास्ट, बिजली करंट, जहरीले जानवर के काटने, आग से जलना आदि सभी स्थितियों में मरीज को कवर किया जाएगा।
इलाज में दवा, ऑपरेशन, ICU, वेंटीलेटर, जांच, भर्ती समेत तमाम सेवाएं मुफ्त रहेंगी।
किन्हें मिलेगा लाभ?
छत्तीसगढ़ का कोई भी नागरिक
कोई भी अस्पताल जो आयुष्मान योजना से जुड़ा हो
घायल व्यक्ति को केवल अस्पताल पहुंचाना होगा, बाकी प्रक्रिया अस्पताल खुद करेगा
कहां-कहां लागू होगी योजना?
राज्य के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में, जो आयुष्मान भारत योजना से जुड़े हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर योजना तुरंत शुरू की गई है।



