मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी और केसरिया विधानसभा क्षेत्रों में कल मतदान होगा। कुल 2 लाख 92 हजार 193 मतदाता लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।
निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्त्ता प्रीति सिंह ने बताया कि मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र के 367 मतदान केंद्रों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान के दौरान नियंत्रण कक्ष से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
इस बार 2,765 दिव्यांग मतदाता भी लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेंगे।
क्षेत्र में 1,56,524 पुरुष, 1,35,665 महिलाएं और 4 मंग्लामुखी मतदाता शामिल हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए हर बूथ पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती, सेक्टर अधिकारियों की गश्त और जोनल पर्यवेक्षकों की निगरानी सुनिश्चित की गई है।

केसरिया में भी तैयारियां पूरी, मतदान कर्मी बूथों के लिए रवाना
केसरिया विधानसभा क्षेत्र में भी मतदान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सोमवार को केसरिया उच्च विद्यालय स्थित डिस्पैच सेंटर पर सुबह से ही मतदान कर्मियों को ईवीएम, वीवीपैट, बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट समेत सभी आवश्यक चुनाव सामग्री सौंपी गई।
सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी मतदान टीमें अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हुईं।
निर्वाचन पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त डा. प्रदीप कुमार ने मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, सामान्य प्रेक्षक पीबी नूह ने मतदान केंद्रों की तैयारियों का जायजा लिया।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी तक किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से रुकने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन की ओर से तीन सुपर जोनल अधिकारी, सात जोनल मजिस्ट्रेट, 35 माइक्रो ऑब्जर्वर, 1000 पुलिसकर्मी और 1500 सरकारी कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
उद्देश्य है कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
लोकतंत्र के उत्सव की पूरी तैयारी
पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने बताया कि मतदान दिवस पर सभी बूथों पर सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया जाएगा। दिव्यांग, बुजुर्ग और महिला मतदाताओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि वे बिना किसी असुविधा के मतदान कर सकें।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, व्हीलचेयर और शेड की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मतदान को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदाताओं से अपील की है कि वे भयमुक्त होकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।


