रायपुर की ड्रग्स क्वीन नव्या मलीक गिरफ्तार, बैंक खातों से करोड़ों के लेनदेन का खुलासा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।ड्रग सिंडिकेट की कुख्यात सदस्य नव्या मलीक पुलिस की गिरफ्त में है। मुंबई से गिरफ्तार की गई नव्या के बैंक खातों की जांच में पुलिस को बड़े लेनदेन के सबूत मिले हैं। खातों में 10, 15 और 25 लाख रुपए की कई किस्तों में रकम जमा कराई गई है। पुलिस को आशंका है कि यह रकम ड्रग्स कारोबार का हिस्सा है।

बैंक खातों में करोड़ों का शक

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नव्या के खातों में करोड़ों रुपए जमा हो सकते हैं। यह रकम ड्रग सिंडिकेट से जुड़े युवकों द्वारा जमा कराई गई थी। फिलहाल नव्या इस लेन-देन पर चुप्पी साधे हुए है और पुलिस की पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही।

सोशल मीडिया से पब-नाइट क्लब तक नेटवर्क

नव्या मलीक सोशल मीडिया पर ग्लैमरस लाइफस्टाइल दिखाती थी और उसके हजारों फॉलोअर्स थे। लेकिन इसकी आड़ में वह नाइट क्लब, पब और होटलों में ड्रग्स सप्लाई करती थी। दिल्ली, मुंबई और पंजाब से लेकर रायपुर तक उसका नेटवर्क फैला हुआ था। पुलिस के मुताबिक, वह हाई-प्रोफाइल युवाओं तक आसानी से पहुंच रखती थी।

“ड्रग सिंडिकेट की डार्लिंग” के नाम से मशहूर

ड्रग कारोबार में नव्या को “डार्लिंग” के नाम से बुलाया जाता था। पुलिस का कहना है कि वह सिंडिकेट की शातिर खिलाड़ी थी और सप्लाई चेन को बखूबी संभालती थी। कई कनेक्शन नव्या ने खुद कबूल भी किए हैं।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पिछले कुछ दिनों में पुलिस ने छत्तीसगढ़ में 48 ड्रग डीलरों को गिरफ्तार किया है और करीब 2 करोड़ रुपए की ड्रग्स और हेरोइन बरामद की है। अब नव्या मलीक की गिरफ्तारी के बाद रायपुर से लेकर अन्य शहरों में सक्रिय इस नेटवर्क के बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

ड्रोन से होती थी ड्रग्स की तस्करी

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से ड्रग्स ड्रोन के जरिए पंजाब लाई जाती थी और वहीं से रायपुर सहित अन्य राज्यों में सप्लाई होती थी। नव्या इसी नेटवर्क का अहम हिस्सा थी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment