सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जंगल से बरामद AK-47, रॉकेट लांचर और 300 से ज्यादा हथियार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नारायणपुर।छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को नारायणपुर जिले में बड़ी सफलता मिली है। अबूझमाड़ के दुर्गम जंगलों में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों की टीम ने हथियारों का भारी जखीरा बरामद किया। इसमें AK-47, लाइट मशीन गन (LMG), इंसास राइफल, स्टेन गन, SLR, मोर्टार, बैरल ग्रेनेड लांचर (BGL), पिस्टल, देसी कट्टा और बड़ी मात्रा में बारूद व विस्फोटक सामग्री शामिल है।

मुठभेड़ के बाद भागे नक्सली

जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ थाना कोहकामेटा क्षेत्र के घने जंगलों में हुई। नक्सली कैडर सुरक्षाबलों पर हमला करने और हथियार लूटने की नीयत से अंधाधुंध गोलीबारी करने लगे। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी के दौरान कई नक्सली घायल होकर भाग निकले। मौके की सर्चिंग के दौरान जवानों को भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक मिले।

जंगल में छिपाया गया था हथियारों का जखीरा

IGP सुंदरराज पी. ने बताया कि 24 अगस्त से डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड), एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) और ITBP की संयुक्त टीम ने लगातार बारिश और कठिन पहाड़ी इलाकों के बावजूद कसोड़, कुमुराडी, माड़ोड़ा, खोड़पार और गट्टाकाल के जंगलों में सर्चिंग अभियान चलाया। इसी दौरान नक्सलियों का छिपाकर रखा गया हथियारों का बड़ा जखीरा हाथ लगा। अधिकारियों का कहना है कि 2025 की लगातार कार्रवाइयों ने नक्सली संगठन को कमजोर कर दिया है और अब उनके सामने आत्मसमर्पण के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

बरामद हथियारों की सूची

  • 1 एलएमजी मय मैग्जीन
  • 1 मोर्टार
  • 1 असॉल्ट राइफल
  • 1 एसएलआर
  • 1 इंसास राइफल मय मैग्जीन
  • 1 स्टेन गन मय मैग्जीन
  • 2 नौ एमएम पिस्टल
  • 2 देशी कट्टा
  • 10 राउंड 315 का जिंदा कारतूस
  • 8 बैरल ग्रेनेड लांचर (BGL)
  • 4 रायफल (.303)
  • 4 बारह बोर बंदूक
  • 8 बैरल (12 बोर)
  • 49 भरमार बंदूक
  • 23 बड़े BGL सेल, 63 मध्यम BGL सेल, 14 छोटे BGL सेल
  • 9 हैंड ग्रेनेड व तीर बम
  • 141 बंडल सेफ्टी फ्यूज, डेटोनेटर और वायर

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment