वनभूमि पर कब्जा हटाने पहुंची टीम पर हमला, टीआई समेत 4 घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम पर हमला हो गया। विरोध के दौरान बहस हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में महिला वनरक्षक परमेश्वरी, ललिता और सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती भी शामिल हैं। वन विभाग ने खल्लारी थाने में मामला दर्ज कराया है।

बताया जा रहा है कि करका गांव के पास महादनी के उद्गम स्थल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए 400 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए थे। कार्रवाई के दौरान मौजूद लोगों ने विरोध किया और बातचीत तेज होते ही झड़प शुरू हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस टीआई और महिला वनकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की। घटना आरसीकन्हार रेंज क्षेत्र की बताई जा रही है।

उपनिदेशक वरुण जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि श्याम लाल (55), देवलाल नेताम (40) और योगेश कुमार (28) को हिरासत में लिया गया है। तीनों के खिलाफ वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की गई थी।

वन विभाग के अनुसार करका क्षेत्र में अतिक्रमण पिछले दस वर्षों में चौगुने से अधिक बढ़ा है। वर्ष 2016 में यहां लगभग 22 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा था, जो 2026 तक बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। इसका आकलन पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और जीपीएस आधारित ड्रोन सर्वेक्षण के जरिए किया गया है।

विभाग का अनुमान है कि इस अवधि में क्षेत्र में करीब सवा लाख पेड़ों की कटाई या क्षति हुई है। कुछ पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के लिए गर्डलिंग की प्रक्रिया भी अपनाई गई, जिसमें तने की छाल को चारों ओर से हटाकर पेड़ को धीरे-धीरे सूखाया जाता है। वन विभाग ने बुधवार को बड़े अभियान के तहत अतिक्रमित वनभूमि को कब्जे से मुक्त कराया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment