फर्जी GST बिल के सहारे चोरी के कोयले का कारोबार! तीन आरोपी गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दुर्ग। जिले में चोरी के कोयले के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। खुर्सीपार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से करीब 15.530 टन कोयला जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। जांच के दौरान सामने आया कि इस पूरे कारोबार को छिपाने के लिए फर्जी GST बिलों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार गेट के पास स्थित एक गोदाम में संदिग्ध तरीके से कोयला जमा किया गया है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में कोयला बरामद हुआ। गोदाम संचालक विजय केसरवानी ने पूछताछ के दौरान कोयले की खरीदी-बिक्री से जुड़े GST दस्तावेज पुलिस को सौंपे।

दस्तावेजों की जांच में पता चला कि प्रस्तुत किए गए GST बिल फर्जी हैं। इसके बाद पुलिस ने विजय केसरवानी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह रेलवे और भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से चोरी होने वाले कोयले की खरीद-बिक्री करता था।

आरोपी ने यह भी बताया कि फर्जी GST दस्तावेज तैयार कराने में राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा उसकी मदद करते थे। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अवैध कारोबार की कड़ियों की जांच में जुटी हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment